

रिपोर्ट- नीरज कुमार त्रिपाठी
लखनऊ। मई दिवस के अवसर पर हुसैनगंज स्थित होटल हेरिटेज ब्लू इन में “लखनऊ जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (एलजेए)” की ओर से आयोजित “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार साथी शामिल हुए। कार्यक्रम में श्रमिक दिवस के महत्व पर चर्चा के साथ आगामी “हिंदी पत्रकारिता दिवस” के अवसर पर 30 मई को लखनऊ में प्रस्तावित भव्य पत्रकार सम्मेलन को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एलजेए के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ हैं और समाज की आवाज़ के रूप में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकार मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें संवेदनशील एवं प्रभावी नेतृत्व का प्रतीक बताया। साथ ही कहा कि कई बार पत्रकारों से जुड़े मुद्दे अधिकारियों की कार्यशैली के कारण उचित स्तर तक नहीं पहुंच पाते। यदि ये समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचें, तो उनका त्वरित समाधान संभव है।
आलोक त्रिपाठी ने जानकारी दी कि 30 मई को लखनऊ में एक विशाल पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के पत्रकार भाग लेंगे। सम्मेलन में पत्रकारों की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, पेंशन और आवास जैसे मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की।कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्रमिक अधिकारों, संगठन की मजबूती और पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे। डॉ. अर्चना ने मजदूर दिवस के महत्व और श्रमिक अधिकारों पर प्रकाश डाला, वहीं डॉ. बंदन ने पत्रकारों के हित में संगठन की एकजुटता पर जोर दिया। अर्जुन द्विवेदी ने बड़े मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया, जबकि संजय पांडेय ने संगठन विस्तार के लिए नई रणनीतियों की आवश्यकता बताई।
रवि शर्मा ने संगठन की मजबूती के लिए आर्थिक संसाधनों को आवश्यक बताया, वहीं फहीम ने कहा कि पत्रकार भी श्रमिक वर्ग का हिस्सा हैं, इसलिए उनके अधिकारों की रक्षा जरूरी है। विजय आनंद वर्मा ने कहा कि पत्रकार की पहचान उसकी लेखनी से होती है और एकता बेहद जरूरी है। अतुल ने मजदूर दिवस के इतिहास के साथ पत्रकारों के दायित्वों पर प्रकाश डाला। बैठक में लखनऊ इकाई के प्रभारी अध्यक्ष दीपक गुप्ता, कार्यवाहक उपाध्यक्ष एडवोकेट अतुल कुमार मिश्रा सहित कई पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। इस दौरान कई नए सदस्य संगठन से जुड़े और अश्विनी द्वारा पत्रकार साथियों को कलम भेंट की गई।कार्यक्रम में मो. इनाम खान, अनिल चौधरी, अशोक मिश्र, रवि उपाध्याय, प्रवीण उपाध्याय, आशीष यादव, अमित श्रीवास्तव, जगदीश मौर्या, जितेन्द्र निषाद, रामकृष्ण मिश्र, सौरभ श्रीवास्तव, शफीक अहमद, सुनील पांडेय, निहाल अहमद, राजेश चंद गुप्ता, प्रवीण सिंह, रंजीत सिंह, के एन सैनी एवं मो. शुएब सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
