
प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी की पंजाब प्रदेश इकाई ने प्रदेश में रहने वाले बिहार के प्रवासी लोगों से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी एल संतोष के नेतृत्व में एक कार्य योजना बैठक हुई, जिसमें प्रदेश प्रभारी नेताओं और पंजाब के प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस बैठक में पंजाब प्रदेश संयोजक संजीव तिवारी को बिहार विधानसभा चुनाव कार्यक्रम का उप प्रमुख बनाया गया है।
बता दें कि संजीव तिवारी ने अपनी राजनीतिक यात्रा प्रयागराज में बीजेपी से जुड़कर शुरू की और पार्टी के चुनावों में सक्रिय रूप से भाग लिया। वह संघ विचार परिवार के प्रमुख संगठनों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।संजीव तिवारी का जन्म प्रयागराज में करछना तहसील के केचुहा गांव में हुआ है। उन्होंने अपनी शिक्षा जीआईसी (सरकारी इंटर कॉलेज) और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्राप्त की है। उनके परिवार में दो छोटे भाई हैं, जिनमें से एक प्रयागराज में डॉक्टर है और दूसरा राजनीतिक और व्यावसायिक क्षेत्र में सक्रिय है। संजीव तिवारी को लोकसभा चुनाव 2024 से पहले पंजाब का प्रदेश संयोजक बनाया गया था। उन्होंने वर्तमान रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के आग्रह पर लुधियाना को केंद्र बनाकर चुनाव की रणनीति तैयार की। इसके अलावा, उन्होंने पंजाब के प्रवासियों को बीजेपी के पक्ष में वोट करने के लिए प्रेरित करने के लिए पंजाब के सभी संगठनात्मक मंडलों में बैठकें कीं और प्रवासियों का पूरा नेटवर्क तैयार किया।एक बार फिर, केंद्रीय नेतृत्व ने संजीव तिवारी जी पर विश्वास किया और उन्हें बिहार विधानसभा से जुड़ा दायित्व दिया। प्रयागराज में जन्मे संजीव तिवारी राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और विजन 2047 पर कार्य करते हुए प्रयाग की धरती का मान बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
