प्रयागराज जंक्शन पर सघन जांच अभियान, 58 यात्री गए पकड़े।।

रिपोर्ट- कुलदीप शुक्ला

प्रयागराज। जंक्शन पर रेलवे प्रशासन द्वारा बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट, अवैध वेंडिंग और गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हिमांशु शुक्ला ने किया। अभियान में स्टेशन निदेशक वी. के. द्विवेदी, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजय गौतम और वाणिज्य निरीक्षक भी मौजूद रहे।

बता दें कि इस दौरान गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्स्प्रेस (15018), आनंद विहार टर्मिनल-कामाख्या नॉर्थईस्ट एक्स्प्रेस (12506), कालका-हावड़ा नेताजी एक्स्प्रेस (12312) और सीतामढ़ी-आनंद विहार टर्मिनल लिच्छवी एक्सप्रेस (14005) की पैंट्री कारों की जांच की गई।

30,355 रुपये का जुर्माना वसूला

जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट और गंदगी फैलाने के आरोप में 58 यात्रियों से कुल 30,355 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, 51 कैरेट अनधिकृत पानी की बोतलें जब्त की गईं। रेलवे ने पैंट्री कार कर्मचारियों को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए और एक अवैध वेंडर को पकड़कर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सौंप दिया।

मार्च 2024-25 में अब तक 3.25 करोड़ रुपये का जुर्माना

रेलवे के अनुसार, मार्च 2024-25 में अब तक चलाए गए जांच अभियानों में कुल 53,144 यात्रियों पर कार्रवाई की गई, जिससे 3,25,02,931 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। इनमें से 24,218 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए, जिनसे 2,00,96,188 रुपये वसूले गए। 23,920 यात्री अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे थे, जिनसे 1,23,25,290 रुपये वसूले गए। 222 यात्रियों के बिना बुक किए गए सामान पर 52,510 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

रेलवे ने यात्रियों से की अपील

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हिमांशु शुक्ला ने कहा कि बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे वैध टिकट के साथ यात्रा करें, ट्रेन और स्टेशन परिसर में गंदगी न फैलाएं, और स्वच्छता बनाए रखें। रेलवे सभी यात्रियों का सम्मान करता है और उनकी सुखद यात्रा की कामना करता है। यह जानकारी अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे ने प्रेस विज्ञप की जारी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!