राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने हेतु प्रयागराज मंडल में बैठक आयोजित।।

रिपोर्ट- कुलदीप शुक्ला

प्रयागराज। मंडल कार्यालय में आज मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु बडोनी की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मंडल के सभी शाखा प्रबंधकों ने भाग लिया और राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की।

बता दें कि बैठक में मंडल रेल प्रबंधक बडोनी ने कहा कि हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को सुनिश्चित करना हमारा संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल में राजभाषा हिंदी का प्रयोग बढ़ाने के लिए और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के तहत सभी सरकारी दस्तावेजों को अनिवार्य रूप से हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी रूप में जारी किया जाए।

बैठक के दौरान अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) नवीन प्रकाश ने बताया कि मंडल में हिंदी कंप्यूटर टाइपिंग कार्यशालाएं आयोजित कर कर्मचारियों को हिंदी में काम करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही, प्रमुख स्टेशनों और कार्यालयों का नियमित निरीक्षण कर हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

सभी शाखा प्रबंधकों ने अपने-अपने विभागों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और इसके प्रगामी प्रयोग हेतु कई सुझाव भी प्रस्तुत किए। बैठक का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी सह राजभाषा अधिकारी आदेश कुमार मिश्र ने किया। यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!