
एलजेए ने कुष्ठ आश्रम में वितरित किए कपड़े
रिपोर्ट- एन24 मीडिया न्यूज़ डेस्क लखनऊ
लखनऊ। लखनऊ जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (एलजेए) ने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत शनिवार को बरगवां-एलडीए (कृष्णानगर) स्थित आदर्श कुष्ठ आश्रम में वहां रहने वाले लोगों के लिए बड़ी मात्रा में कपड़े वितरित किए। एलजेए के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के कोषाध्यक्ष आलोक कुमार त्रिपाठी ने आश्रम के मैनेजर प्रेमजी को ये वस्त्र सौंपे।
इस अवसर पर आलोक कुमार त्रिपाठी ने कहा कि एलजेए संगठन लंबे समय से कुष्ठ रोगियों के साथ खड़ा है और उनकी हरसंभव सहायता कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में कुष्ठ रोगियों के प्रति फैली भ्रांतियों और भेदभाव को समाप्त करने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से एलजेए समय-समय पर कुष्ठ रोगियों के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहता है, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने आगे कहा कि इन लोगों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने की जरूरत है ताकि उनका समुचित विकास हो सके और समाज में व्याप्त भेदभाव की मानसिकता समाप्त हो। आश्रम के मैनेजर प्रेमजी ने एलजेए के इस प्रयास की सराहना की और संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आश्रम के कुष्ठ रोगियों की दुआएं सदैव एलजेए के साथ हैं।
इस अवसर पर महिला इकाई की अध्यक्ष डॉ. वंदना अवस्थी, एलजेए के महामंत्री विजय आनंद वर्मा, कोषाध्यक्ष संजय पांडेय, सदस्य अर्जुन द्विवेदी, रंजीत सिंह और लखनऊ इकाई के निवर्तमान संयुक्त सचिव एडवोकेट अतुल कुमार मिश्रा भी उपस्थित रहे।
