लोको पायलटों और उनके परिवारों के लिए प्रयागराज में आयोजित हुई पारिवारिक संरक्षा संगोष्ठी, संरक्षित संचालन में रनिंग परिवार की भागीदारी रही केंद्र बिंदु।।

रिपोर्ट- कुलदीप शुक्ला

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में लोको पायलटों और उनके परिवारों के लिए “संरक्षित संचालन में रनिंग परिवार की भागीदारी” विषय पर एक विशेष पारिवारिक संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडल सभागार, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में सायं 4 बजे से रात 8 बजे तक संपन्न हुआ।

बता दें कि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ जिसमें प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी, मुख्य बिजली लोको इंजीनियर, मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। संगोष्ठी में झांसी व आगरा मंडल से आए अधिकारी, 25 मुख्य लोको निरीक्षक और लगभग 75 रनिंग कर्मियों के परिवारजन भी शामिल हुए। कार्यक्रम में गणेश वंदना, नुक्कड़ नाटक, कराटे प्रदर्शन, और गंगा स्वच्छता व पौराणिक प्रसंगों पर आधारित लघु नृत्य-नाटिकाओं की रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। रनिंग स्टाफ ने अपनी समस्याएं नाटकीय मंचन के माध्यम से प्रस्तुत कीं और उनके समाधान हेतु प्रशासन से त्वरित कार्यवाही की मांग की। मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक सामंजस्य पर विशेषज्ञ डॉ. कमलेश तिवारी ने उपयोगी सुझाव दिए। आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े डॉ. कौशल श्रीवास्तव एवं डॉ. सुप्ता सिंह ने ध्यान व प्राणायाम के अभ्यास कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली पर बल दिया। प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर यतेन्द्र कुमार ने “खुशी से किया गया कार्य ही जीवन में आनंद देता है” यह कहते हुए रनिंग स्टाफ को प्रोत्साहित किया और उत्तर मध्य रेलवे द्वारा आर्ट ऑफ लिविंग के साथ हुए समझौते की जानकारी दी। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने रनिंग स्टाफ के परिवारों को रेलवे की सफलता में भागीदार बताते हुए आभार प्रकट किया और संरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए सजगता से कार्य करने का संदेश दिया।

प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी जे. सी. एस. बोरा ने परिवारों की भूमिका को संरक्षित संचालन में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। मुख्य लोको इंजीनियर ने ‘क्वालिटी रेस्ट’ और सिग्नल कॉल आउट की महत्ता समझाई और बताया कि शीघ्र ही 806 नए सहायक लोको पायलट की भर्ती से मौजूदा कर्मचारियों को राहत मिलेगी। वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर प्रदीप शर्मा ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन मुख्य क्रू नियंत्रक वासुदेव पाण्डेय ने किया और प्रयागराज मंडल की संरक्षा पहलों की वीडियो प्रस्तुति दी। अंत में उत्कृष्ट आयोजन, रंगारंग कार्यक्रम और बेहतर प्रबंधन के लिए अधिकारियों द्वारा पुरस्कारों की घोषणा की गई। रनिंग कर्मियों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए ऐसे आयोजन हर माह करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!