“एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान के अंतर्गत सूबेदारगंज रेलगांव कॉलोनी में हुआ वृक्षारोपण कार्यक्रम।।

रिपोर्ट- कुलदीप शुक्ला

प्रयागराज, 30 जुलाई 2025 (ब्यूरो)। उत्तर मध्य रेलवे के सूबेदारगंज स्थित रेलगांव कॉलोनी में आज “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व महाप्रबंधक उपेंद्र चंद्र जोशी एवं प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिमेष कुमार सिन्हा द्वारा किया गया।

उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण को हरा-भरा बनाना और वायुमंडल को स्वच्छ करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत मियांवाकी तकनीक से विकसित पौधारोपण स्थल पर लगभग 250 फलदार पौधे लगाए गए। इन पौधों में नींबू, आंवला, अमरूद, शहतूत जैसी प्रजातियाँ प्रमुख रहीं। स्थल पर ड्रिप इरीगेशन की सुविधा भी उपलब्ध है जिससे पौधों की नियमित सिंचाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उन्होंने स्वेच्छा से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य पर्यावरण प्रबंधक शिव कुमार ने लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि, “वृक्ष केवल पर्यावरण के लिए ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। हमें मिलकर अपने परिवेश को हरित बनाना होगा।”कार्यक्रम का सफल संचालन मुख्य पर्यावरण प्रबंधक के मार्गदर्शन में पर्यवेक्षकों एवं हॉर्टिकल्चर विभाग के कर्मियों द्वारा किया गया।इस अभियान के माध्यम से उत्तर मध्य रेलवे ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और सकारात्मक कदम बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!