
रिपोर्ट- दिगंबर प्रसाद त्रिपाठी (वरिष्ठ पत्रकार)
प्रयागराज। पत्रकारों और जिला प्रशासन के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को मजबूत बनाने तथा प्रेस की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से जिला स्तरीय प्रेस स्थायी समिति की बैठक 25 अगस्त 2025 को शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित संगम सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रयागराज ने की।
बता दें कि बैठक में बलराम दीक्षित (बी.आर. टाइम्स), छत्रपति शिवाजी (सहारा रामय), जैगम खाॅ (आज), मानवेन्द्र प्रताप सिंह (न्यूज नेशन) तथा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष व महामंत्री पंडित दिगम्बर त्रिपाठी (विशेष आमंत्रित) ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।
सहायक निदेशक सूचना इन्द्रमणि पाण्डेय ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों और प्रशासन के बीच आपसी संवाद को और सशक्त करना तथा निष्पक्ष पत्रकारिता को प्रोत्साहित करना है। बैठक में पत्रकारों के हितों, उत्पीड़न की घटनाओं और उनके समाधान को लेकर भी गहन चर्चा हुई।
पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका निभाने वाले पत्रकारों को सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि प्रेस की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखा जाएगा और पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह बैठक न सिर्फ संवाद का मंच बनी, बल्कि पत्रकारों के अधिकारों की आवाज बुलंद करने का भी माध्यम साबित हुई।
