
रिपोर्ट- कुलदीप शक्ला
प्रयागराज। मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल ने सूबेदारगंज से पंडित दीन दयाल उपाध्याय खंड तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग सिस्टम, ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई), समपार फाटक, स्टेशन सफाई, यात्री सुविधाएं और अन्य प्रमुख तकनीकी व बुनियादी ढांचे का जायजा लिया।
बता दें कि निरीक्षण की शुरुआत सूबेदारगंज स्टेशन से हुई, जहां उन्होंने निर्माणाधीन रेल फ्लाईओवर सहित यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति देखी। इसके बाद प्रयागराज जंक्शन पहुंचे, जहां स्टेशन रिडेवलपमेंट परियोजना के तहत चल रहे कार्यों का गहन अवलोकन किया गया। रजनीश अग्रवाल ने निर्माण विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली और गुणवत्ता के साथ कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चयनित विंध्याचल, मिर्जापुर और चुनार स्टेशनों का भी निरीक्षण किया और चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए तेज गति से कार्य पूरा करने के आदेश दिए। निरीक्षण के क्रम में करछना व जियोनाथपुर स्टेशनों का भी दौरा किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण से यह स्पष्ट होता है कि रेलवे प्रशासन प्रयागराज मंडल में यात्री सुविधाओं व बुनियादी ढांचे के उन्नयन को लेकर पूरी तरह से सक्रिय है।
इस दौरान कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हिमांशु शुक्ला, वरिष्ठ परिचालन प्रबंधक (गुड्स) मयंक राणा, वरिष्ठ यांत्रिक इंजीनियर शिव सिंह, विद्युत अभियंता कुँवर सिंह यादव, प्रदीप शर्मा, वीरेन्द्र वर्मा एवं उप मुख्य परियोजना प्रबंधक दीपक कुमार भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
