
कुलदीप शुक्ला की रिपोर्ट।।
प्रयागराज। झूंसी थाना क्षेत्र के ग्राम हवेलिया निवासी शोएब खान ने बुधवार को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब के नारद सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस और कुछ दबंग लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनकी वैध भूमिधरी जमीन पर पुलिस की मिलीभगत से अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।
शोएब खान के मुताबिक, उन्होंने यह जमीन वर्ष 2000 में खरीदी थी और तब से लगातार उस पर उनका कब्जा है। दाखिल-खारिज से संबंधित सभी वैध दस्तावेज उनके नाम पर हैं। बावजूद इसके, निशा यादव नामक एक महिला ने विवादित दस्तावेजों के आधार पर उस जमीन को अपने नाम करवा लिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति ने निशा यादव को जमीन बेची, उसकी जमीन पहले ही लोक निर्माण विभाग (PWD) की एक परियोजना के तहत अधिग्रहित हो चुकी थी और उसका मुआवजा भी मिल चुका था। इस बात की पुष्टि PWD और जिला जज के आदेश से हुई थी।
शोएब ने बताया कि मामला फिलहाल इलाहाबाद हाईकोर्ट की राजस्व अदालत में विचाराधीन है, लेकिन इसके बावजूद निशा यादव और उनके कुछ सहयोगी ज़बरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। जब उन्होंने इस बात की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कब्जा रोकने के बजाय उन्हें और उनके पुत्र को हिरासत में ले गई।
शोएब खान का आरोप है कि स्थानीय थाना प्रभारी ने उन्हें सीयूजी नंबर से कॉल कर धमकी दी और कहा, “जमीन की तरफ देखना भी मत, वरना जेल भेज दूंगा।” उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या अब अपनी वैध जमीन के लिए न्याय मांगना अपराध हो गया है?
शोएब ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर पूरे मामले की जानकारी दी है और अब उन्होंने मीडिया के सामने आकर भी अपनी बात रखी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें निशा यादव और उनके समर्थकों से जान का खतरा है।
शोएब ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है ताकि उन्हें उनकी जमीन और जान-माल की सुरक्षा मिल सके।
