रिपोर्ट- नीरज कुमार त्रिपाठी
विकासपुरी, दिल्ली। आचार्य सुशील जैन मुनि आश्रम, डीडीए बागवानी खंड‑3, रोटरी क्लब फाउंडेशन, हरा जीवन फाउंडेशन, ज्वाइंट फोरम ऑफ वेलफेयर एसोसिएशंस, प्राणायाम आयुष वेलनेस विकासपुरी एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में गौरी शंकर डीडीए पार्क में एक भव्य पर्यावरण संरक्षण संगोष्ठी आयोजित की गई। तत्पश्चात मानसून के आगमन के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
बता दें कि पर्यावरण संगोष्ठी में प्रमुख वक्ताओं ने हरा-भरा जीवन, सामुदायिक सहभागिता और स्वस्थ पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डाला। मानसून स्वागत वृक्षारोपण लीची, आड़ू, अनार, आंवला, रातरानी, हरश्रृंगार सहित अनेक प्रजातियों के पौधे लगाए गए, जिससे पार्क का सौंदर्य एवं पारिस्थितिकी संतुलन मजबूत होगा। साध्वी दीप्ति ने राघवेंद्र शुक्ल को उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में नमोकार मंत्रों एवं मंगला चार मंत्र द्वारा आशीर्वाद दिया। उपस्थित सदस्यों ने पुष्पवर्षा और पुष्पमाला पहनाकर उन्हें विशेष रूप से अभिनंदित किया। यह कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरक कदम साबित हुआ, बल्कि इसने स्थानीय समुदाय को मिलकर कार्य करने एवं हरित अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा भी दी। मानसून आगमन के उपलक्ष्य में पौधरोपण का आयोजन पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देता है। कार्यक्रम का सुव्यवस्थित संचालन ज्योति भूषण ओबेरॉय द्वारा किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान साध्वी दीप्ति, राघवेंद्र शुक्ल, ज्योति भूषण ओबेरॉय, अनिल शर्मा, नवीन मल्होत्रा, मुकेश सिंघल, परवीन टक्कर, संदीप कथूरिया, रोहिणी गुप्ता, पलकी वर्मा, मनीषा कथूरिया, वीरेंद्र चौधरी अनेक समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। सभी संस्थाओं, उपस्थित सदस्यों एवं सहयोगियों का सक्रिय योगदान कार्यक्रम की सफलता की प्रेरणा रहा।
