मल्टीलेयर पौधारोपण से सुधर रहा नागरिकों का स्वास्थ्य, मिल रही स्वच्छ प्राणवायु।।

रिपोर्ट- नीरज कुमार त्रिपाठी

नई दिल्ली, 30 अगस्त 2025। समय के साथ बागवानी पद्धति में निरंतर नवाचार देखने को मिल रहे हैं। इसी कड़ी में डीडीए बागवानी विभाग और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के संयुक्त प्रयास से विकास पुरी स्थित गौरी शंकर डीडीए पार्क में मल्टीलेयर (बहु-स्तरीय) पौधारोपण किया गया। इस पहल से न केवल पार्क की सुंदरता में वृद्धि होगी, बल्कि मिट्टी का स्वास्थ्य सुधारने, पानी एवं संसाधनों के बेहतर उपयोग, जैव विविधता को बढ़ाने और नागरिकों को शुद्ध प्राणवायु उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

बता दें कि भाद्रपद शुक्ल पक्ष सप्तमी, विशाखा नक्षत्र व इंद्र योग जैसे शुभ संयोग पर आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 500 पौधे लगाए गए। इनमें तुलसी, सुगरफ्री (बिटर लीफ), स्नेक प्लांट, प्लांथस, सेंचूरिया, हर श्रृंगार, छुई-मुई, इफोरबिया, मनी प्लांट, कमलकैक्टस, ड्राइसीनिया आदि शामिल थे। इन्हें बड़े पेड़ों की कतारों के बीच क्यारियां बनाकर लगाया गया, जिससे घुमावदार हरियाली से भरा कच्चा वॉकिंग ट्रैक तैयार हो गया। इस ट्रैक पर वरिष्ठ नागरिक बिना जर्क के आराम से घूम सकेंगे। साथ ही, पेड़ों से गिरे पत्तों को इन्हीं क्यारियों में डालकर प्राकृतिक खाद तैयार की जाएगी, जिससे बागवानी विभाग का अतिरिक्त खर्च भी बचेगा।

कार्यक्रम से पूर्व छात्रों एवं नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के उपायों जैसे कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण, हरित घर निर्माण और वायु प्रदूषण नियंत्रण पर जानकारी दी गई।

इस अवसर पर डीडीए बागवानी खंड-3 के सहायक निदेशक मनोज सोलानिया व उनकी टीम, कोलंबिया फाउंडेशन पब्लिक स्कूल की प्रबंधक प्रमिला वर्मा, प्रधानाचार्या दीपशिखा डांडू, पश्चिमी दिल्ली नगर निगम की चेयरमैन निर्मला कुमारी, निगम पार्षद साहिब आसीवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों और सामाजिक संगठनों ने सहभागिता की।

इस पौधारोपण कार्यक्रम में दिल्ली मार्निंग वॉकर्स एसोसिएशन, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, ज्वाइंट फोरम ऑफ वेलफेयर एसोसिएशंस विकास पुरी, विभिन्न आरडब्ल्यूए, आचार्य सुशील मुनि आश्रम, कोलंबिया पब्लिक स्कूल इको क्लब, प्राणायाम आयुष वेलनेस, पंचामृतम इको सॉल्यूशंस, नन्हे कदम फाउंडेशन सहित कई संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

ज्वाइंट फोरम ऑफ वेलफेयर एसोसिएशंस विकास पुरी के महासचिव ज्योति भूषण ओबेरॉय ने कहा कि इस प्रकार के मल्टीलेयर पौधारोपण से पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों के स्वास्थ्य दोनों को एक साथ लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!