
रिपोर्ट- नीरज कुमार त्रिपाठी
प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को विकास खण्ड जसरा की मॉडल ग्राम पंचायत देवरिया का दौरा कर राजस्व, विकास, स्वास्थ्य, कृषि, आंगनबाड़ी एवं गौशाला से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की और विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने आशा कार्यकत्रियों से वीएचएनडी सेशन, टीकाकरण एवं ड्यूलिस्ट की जानकारी ली। उन्होंने उपजिलाधिकारी बारा को वरासत से संबंधित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत सहायक को मृत व्यक्तियों की सूची तैयार कर उनके वरासत की स्थिति की जांच करने को कहा। उन्होंने छोटे-छोटे त्रुटियों के कारण लंबित आवेदनों को तत्काल निस्तारित करने का निर्देश दिया।
गौशाला निरीक्षण व निर्देश
जिलाधिकारी ने बाबा सुजावन देव आदर्श गौवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित साफ-सफाई, हरे चारे और भूसे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा गौवंशों के बच्चों के लिए अलग शेड व कम ऊँचाई की नांद बनाने के निर्देश दिए। साथ ही 50 छायादार पौधे लगाने और परिसर के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए।
आंगनबाड़ी केन्द्र और आजीविका मिशन का अवलोकन
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर एक सप्ताह में सभी अधूरे कार्य पूरे कराने और केन्द्र को क्रियाशील करने के निर्देश दिए। उन्होंने केन्द्र के पास खाली स्थान पर पोषण वाटिका या बच्चों के खेलने का स्थल विकसित करने के लिए भी कहा।
उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत मोहिनी प्रेरणा आजीविका ग्राम संगठन द्वारा तैयार बिस्किट एवं अन्य उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने समूह की महिलाओं की सराहना करते हुए पैकेजिंग बेहतर करने और उत्पादों पर मूल्य व निर्माण/उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करने को कहा। साथ ही सरकारी कार्यालयों में भी इन उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा
जिलाधिकारी ने ग्राम देवरिया में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 55 एमएलडी इंटेक वेल एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्य को जल्द पूरा कर पाइपलाइन से जलापूर्ति शुरू करने और रोड रेस्टोरेशन को गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश दिए।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बारा प्रेरणा गौतम, परियोजना अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण प्रवीण कुट्टी, जिला समन्वयक, डीपीएम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
