नरेश पाल सिंह ने संभाला उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक का कार्यभार, बरेका के महाप्रबंधक रहते हुए मिला अतिरिक्त दायित्व।।

रिपोर्ट- कुलदीप शुक्ला

प्रयागराज, 1 सितंबर 2025। भारतीय रेल के वरिष्ठ अधिकारी और 1988 बैच भारतीय रेल विद्युत इंजीनियरी सेवा से जुड़े नरेश पाल सिंह ने सोमवार को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण किया। यह पद निवर्तमान महाप्रबंधक उपेंद्र चंद्र जोशी के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त हुआ था। नरेश पाल सिंह को यह जिम्मेदारी उनके वर्तमान दायित्व बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक पद के साथ-साथ अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गई है।

बता दें कि नरेश पाल सिंह ने वर्ष 1987 में आईआईटी, रुड़की से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया और अपने करियर की शुरुआत के बाद से रेलवे में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। मध्य रेलवे के विभिन्न मंडलों में लोको शेड, लोको ऑपरेशन, ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन जैसे अहम क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने के साथ उन्होंने मुख्य विद्युत इंजीनियर/रोलिंग स्टॉक, अपर मंडल रेल प्रबंधक/संचालन (मुंबई मंडल) और मुंबई रेल विकास निगम में भी जिम्मेदारियां निभाईं। 01 सितंबर 2022 से वे मध्य रेलवे, मुंबई में प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। इसके बाद नवंबर 2024 में उन्होंने महाप्रबंधक, बरेका का कार्यभार संभाला। उनके नेतृत्व में बरेका ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 477 लोको का रिकॉर्ड निर्माण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। इसी दौरान बरेका ने एयरोडायनेमिक WAP-7 लोको का निर्माण और रेल ट्रैक पर सौर ऊर्जा आधारित परियोजनाओं को आगे बढ़ाकर तकनीकी और पर्यावरणीय दृष्टि से उल्लेखनीय कार्य किए।

मध्य रेलवे में कार्यरत रहते हुए नरेश पाल सिंह ने कई अभिनव परियोजनाओं को भी गति दी। इनमें प्रमुख है—2x25kV ट्रैक्शन सिस्टम में OHE मास्ट पर ऑप्टिकल फाइबर ग्राउंड वायर (OPGW) का प्रयोग, जो रेलवे की संचार व्यवस्था को और मजबूत तथा सुरक्षित बनाने के साथ ही गैर-किराया राजस्व बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।

इसके अलावा, उनके नेतृत्व में मध्य रेलवे में 10 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट और 20×4 मेगावाट की बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम भी स्थापित किए गए।

रेलवे प्रशासन को उम्मीद है कि नरेश पाल सिंह के नेतृत्व में उत्तर मध्य रेलवे भी तकनीकी उत्कृष्टता, हरित ऊर्जा और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!