
रिपोर्ट- नीरज कुमार त्रिपाठी
प्रयागराज, होलागढ़ (15 सितम्बर 2025)। उच्च प्राथमिक विद्यालय बरई हरख, विकासखंड होलागढ़ के प्रांगण में न्याय पंचायत जुड़ापुर बीहर की संकुल स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन विभागीय आदेशानुसार सम्पन्न हुआ।प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय बरई हरख, बनवारी का पूरा, देवापुर, सराय तालुके शहावपुर जुड़ापुर बीहर, रामदासपुर, आधार का पूरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय बरई हरख एवं संविलियन विद्यालय कस्तूरीपुर के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बता दें कि प्राथमिक स्तर पर 50, 100, 200 और 400 मीटर दौड़, ऊँची कूद, कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिताएँ हुईं। वहीं जूनियर स्तर पर 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़, ऊँची कूद, कबड्डी, खो-खो, चक्का फेंक एवं गोला फेंक प्रतियोगिताएँ सम्पन्न हुईं। प्राथमिक स्तर पर सर्वाधिक पुरस्कार प्रा.वि. बरई हरख ने जीते जबकि जूनियर स्तर पर उच्च प्रा.वि. बरई हरख ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों विद्यालयों को विजेता शील्ड प्रदान की गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि प्रेमचंद पटेल, विशिष्ट अतिथि परविंद कुमार रत्नाकर तथा अध्यक्ष गुलाब चंद्र पाल रहे। संयोजन प्रदीप कुमार मिश्रा ने किया।
अंत में प्रधानाध्यापक बृजेश कुमार यादव ने अतिथियों, निर्णायकों, समिति प्रभारीगण एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
