
रिपोर्ट- नीरज कुमार त्रिपाठी
नई दिल्ली। सामाजिक सदभाव इकाई, हरि नगर एवं सुभाष नगर द्वारा रविवार, 21 सितंबर को अशोक नगर स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर, बहावलपुर बिरादरी परिसर में सदभाव बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रातः 10.30 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 12.30 बजे तक चली, जिसमें समाज और राष्ट्रहित पर विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता पूजन, गीत एवं परिचय से हुई। विभाग संयोजक राजीव ने “समाज में सदभाव का महत्व” विषय रखा और सभी बिरादरी प्रमुखों से उनके सामाजिक कार्यों की जानकारी साझा करने का आग्रह किया। तत्पश्चात नगर इकाई संयोजक राजेश जी ने “पर्यावरण अनुकूल जीवन” विषय पर भूमिका प्रस्तुत की। इस पर चर्चा के उपरांत जनक जिला पर्यावरण प्रमुख राघवेंद्र शुक्ला ने मार्गदर्शन दिया।
बैठक में जिला संघचालक सरदार महेंद्र सिंह बाली जी एवं नगर संघचालक राजकुमार तुली का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। बाली ने अपने उद्बोधन में कहा कि पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली अपनाकर हम न केवल समाज बल्कि अपने स्वास्थ्य को भी बेहतर बना सकते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर राजकुमार तुली ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए बिरादरी प्रमुखों, स्वजनों और बहावलपुर बिरादरी – मंदिर संचालन समिति के सहयोग की सराहना की। बैठक का समापन कल्याण मंत्र से हुआ और अंत में सभी उपस्थितजन ने मिलकर भोजन ग्रहण किया। बैठक में विभाग से 1, जिले से 3, इकाई टोली से 5, बिरादरी प्रमुख 11, बिरादरी साथी 6 सहित कुल 26 लोग उपस्थित रहे।
