
रिपोर्ट- दिगंबर प्रसाद त्रिपाठी (वरिष्ठ पत्रकार)
सोरांव, प्रयागराज, 22 सितंबर। तहसील सभागार सोरांव में उप जिलाधिकारी एच.एल. सैनी की अध्यक्षता में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन तहसील इकाई की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन तहसील अध्यक्ष राम सजीवन मिश्र ने किया। सर्वप्रथम उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का परिचय कराया। तत्पश्चात तहसील महामंत्री राजेश कुमार शुक्ला ने पत्रकारों से संबंधित समस्याओं को विस्तार से रखा और शासन द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं में व्याप्त अनियमितताओं तथा श्रृंगवेरपुर धाम के स्नान घाटों पर फैली गंदगी की ओर एसडीएम का ध्यान आकृष्ट कराया।
एसडीएम सैनी ने कहा कि पत्रकार शासन-प्रशासन और समाज के बीच की सशक्त कड़ी हैं, इसलिए सही तथ्यों का सामने आना जरूरी है। उन्होंने क्षेत्र में भूमि संबंधी विवादों के त्वरित निस्तारण का आश्वासन देते हुए कहा कि पत्रकारों के माध्यम से ही समस्याओं की सही जानकारी मिल पाती है।बैठक में कई पत्रकारों ने अपनी समस्याएं रखीं। पत्रकारों ने मांग की कि ब्लॉक और थाना स्तर पर कार्यरत अधिकारियों को पत्रकारों की सूची उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि फर्जी संगठन व फर्जी पत्रकार बनकर अवैध वसूली करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इस पर एसडीएम ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक में यह भी तय हुआ कि पत्रकारों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए, जिससे क्षेत्र की घटनाओं और दुर्घटनाओं की त्वरित सूचना प्रशासन तक पहुंचाई जा सके।
इस अवसर पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला महामंत्री दिगंबर प्रसाद त्रिपाठी, हसीन मुस्ताक, तहसील अध्यक्ष राम सजीवन मिश्र, तहसील महामंत्री राजेश कुमार शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार मौर्य, राजीव ओझा, बाघम्बर प्रसाद त्रिपाठी, नदीम इंतखाब, प्रशांत त्रिपाठी, नागेंद्र त्रिपाठी, श्याम नारायण शुक्ला गुरु, रशीद अहमद सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
