
रिपोर्ट- नीरज कुमार त्रिपाठी
नई दिल्ली। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के अंतर्गत जनक जिला की एक महत्वपूर्ण बैठक गौरीशंकर उद्यान, विकासपुरी में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस बैठक में जनकपुरी, विकासपुरी एवं हरि नगर क्षेत्र के अनेक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बता दें कि बैठक के दौरान वक्ताओं ने पर्यावरण से जुड़े अहम विषयों जैसे वेस्ट सेग्रिगेशन (कचरा पृथक्करण), प्लास्टिक प्रदूषण, ईको ब्रिक्स तथा बायो एंजाइम्स पर विस्तार से चर्चा की। सभी उपस्थित सदस्यों को दैनिक जीवन में इन उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर प्रांत सह-प्रमुख पुनीत सूद और जनक जिला संयोजक राघवेंद्र शुक्ला का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर देते हुए सभी को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में एक महत्वपूर्ण संकल्प भी लिया गया, जिसके अंतर्गत सभी सदस्यों ने आगामी अप्रैल माह में कम से कम एक वृक्ष लगाने तथा उसके पूरे एक वर्ष तक संरक्षण का जिम्मा उठाने का प्रण लिया। संगोष्ठी के उपरांत उपस्थित सदस्यों द्वारा पौधारोपण भी किया गया।इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जागरूकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में शामिल सभी सदस्यों ने एकजुट होकर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया।
