
रिपोर्ट- नीरज कुमार त्रिपाठी
प्रयागराज। नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर होलागढ़ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत पुलिस टीमों ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या आपात स्थिति में वे तुरंत हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। उन्हें महिला हेल्पलाइन 1090, डायल 112 सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं को यह भी समझाया कि वे बिना किसी झिझक के अपनी शिकायत दर्ज कराएं और किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें। साथ ही उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
होलागढ़ थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत क्षेत्र में लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
पुलिस ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
