प्रयागराज में गोवंश से भरा ट्रक पलटा, 7 की मौत, 12 घायल — तस्करी की आशंका।।

रिपोर्ट- नीरज कुमार त्रिपाठी

प्रयागराज। गंगानगर क्षेत्र अंतर्गत होलागढ़ थाना इलाके में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। पश्चिम नारा गांव के पास बड़ी नहर की पुलिया पर गोवंशों से भरा एक डीसीएम ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में कुल 19 गोवंश लदे थे, जिनमें से 7 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, ट्रक प्रतापगढ़ से होलागढ़ की ओर जा रहा था। रास्ता भटक जाने के कारण चालक गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड छोड़कर दूसरी दिशा में चला गया। बड़ी नहर की पुलिया पर ट्रक को बैक करते समय संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने पलटा हुआ ट्रक देखा तो मौके पर भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर ट्रक में फंसे गोवंशों को बाहर निकाला।

सूचना मिलने पर होलागढ़ पुलिस और एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला सिंह मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद 7 गोवंशों को मृत घोषित किया, जबकि 12 घायल पाए गए। सभी घायलों का उपचार कर उन्हें राजापुर स्थित गोशाला भेज दिया गया।

होलागढ़ थाना अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि ट्रक में कुल 19 गोवंश लदे थे। प्राथमिक जांच में गोवंश तस्करी की आशंका जताई जा रही है। ट्रक पर बरेली नंबर दर्ज है, लेकिन नंबर प्लेट फर्जी होने का संदेह है। वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।घटना की सूचना पर विहिप कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने पशु चिकित्सकों के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!